HomeNationalड्रग्स और हथियारों का बड़ा खिलाड़ी गिरफ्तार, ईशानप्रीत को उत्तराखंड से दबोचा,...

ड्रग्स और हथियारों का बड़ा खिलाड़ी गिरफ्तार, ईशानप्रीत को उत्तराखंड से दबोचा, BSF छापे में हुआ था फरार

Date:

रुद्रपुर, उत्तराखंड: उत्तराखंड में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस और उधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर वांछित हथियार और मादक पदार्थ तस्कर ईशानप्रीत सिंह को बाजपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले के थाना छेहर्टा क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह हथियार और ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक, 23 मई 2026 को अमृतसर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा संयुक्त छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर अपने घर की छत से कूदकर फरार हो गया था। हालांकि, तलाशी में उसके घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए गए थे।

बरामद सामग्री में 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन शामिल थी। हथियारों में विदेशी और मेड-इन-चाइना पिस्टल भी शामिल पाए गए। इस बड़ी बरामदगी के बाद से ही केंद्रीय और राज्य एजेंसियां आरोपी की तलाश में जुटी थीं।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स मंगाता था, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए रखी।

हाल ही में उत्तराखंड एसटीएफ को खुफिया सूचना मिली कि आरोपी उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद एसटीएफ, पंजाब पुलिस की एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर सोमवार तड़के केशवनगर इलाके में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ इंचार्ज एमपी सिंह के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नाम बदलकर रह रहा था, लेकिन सटीक सूचना और संयुक्त कार्रवाई के चलते उसे दबोच लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और तस्करी से जुड़े अन्य सहयोगियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Latest stories

उत्तराखंड में ED की बड़ी कार्रवाई! SC/ST स्कॉलरशिप स्कैम में 13.83 करोड़ों की संपत्ति जब्त

देहरादून, उत्तराखंड: उत्तराखंड में बहुचर्चित एससी-एसटी छात्रवृत्ति घोटाले में...

रुद्रपुर में ESIC अस्पताल में हंगामा, 23 नर्सों को थमाया गया नोटिस, जानिए पूरा मामला

रुद्रपुर, उत्तराखंड: श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य...

उत्तरकाशी की बेटी आंचल रावत बनीं भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर किया प्रदेश का नाम रोशन

देहरादून/उत्तरकाशी: उत्तराखंड की बेटी आंचल रावत ने भारतीय वायुसेना...