केरल: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सम्मान को लेकर केरल में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कासरगोड जिले में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन, सांसद राजमोहन उन्नीथन और जिला कलेक्टर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी राष्ट्रगीत पूरा होने से पहले ही अपनी सीटों पर बैठ गए। इस घटना को लेकर भाजपा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मंत्री और जिला कलेक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामला फैमिली हेल्थ सेंटर की नवनिर्मित लैब बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह का है। कार्यक्रम में आयोजन समिति के निर्णय के अनुसार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का पूरा गायन किया जा रहा था। आरोप है कि शुरुआती दो पद पूरे होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन अपनी सीट पर बैठ गए। इसके बाद मंच पर मौजूद सांसद राजमोहन उन्नीथन, विधायक कल्लत्रा महिन और जिला कलेक्टर श्रीधन्या सुरेश भी बैठ गए। हालांकि, विधायक के. नीलकंदन राष्ट्रगीत समाप्त होने तक सम्मानपूर्वक खड़े रहे।
भाजपा ने बताया राष्ट्रगीत और संविधान का अपमान
घटना के बाद भाजपा नेताओं ने मंत्री, सांसद और अधिकारियों के रवैये की आलोचना की। पार्टी का कहना है कि राष्ट्रगीत पूरा होने से पहले बैठना उसके सम्मान और निर्धारित प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। भाजपा ने इस मामले में संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
भाजपा जिला अध्यक्ष एमएल अश्विनी ने घटना को संविधान का उल्लंघन बताते हुए कहा कि मंत्री, जिला कलेक्टर और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक कैबिनेट मंत्री से संवैधानिक मर्यादाओं के पालन की अपेक्षा की जाती है। भाजपा ने इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की है। साथ ही पार्टी ने मंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
जिले में कई स्वास्थ्य परियोजनाओं का किया था उद्घाटन
गौरतलब है कि विवादित कार्यक्रम से पहले स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन सोमवार सुबह से ही कासरगोड जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इनमें कान्हांगड वैक्सीन स्टोर, चेमनाड ग्राम पंचायत क्षेत्र के मेलपरम्बा स्थित आरमंगनम जनकीय स्वास्थ्य केंद्र, कासरगोड जनरल अस्पताल में पावर लॉन्ड्री, जिला टीबी केंद्र और एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशाला शामिल हैं।
फिलहाल ‘वंदे मातरम’ को लेकर हुई इस घटना ने केरल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। भाजपा ने मामले में कानूनी कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग उठाई है





