HomeNewsमुख्यमंत्री पर WhatsApp ग्रुप में टिप्पणी करना पुलिस इंस्पेक्टर को पड़ा भारी,...

मुख्यमंत्री पर WhatsApp ग्रुप में टिप्पणी करना पुलिस इंस्पेक्टर को पड़ा भारी, सस्पेंड

Date:

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और राज्य सरकार के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना कोलकाता पुलिस के एक इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। एक निजी व्हाट्सऐप ग्रुप में मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने के आरोप में पुलिस मुख्यालय लालबाजार ने संबंधित इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोमवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी किया गया।

पश्चिम बंगाल: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, राज्य का समग्र विकास  सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता | आकाशवाणी न्यूज़

जानकारी के मुताबिक, कोलकाता पुलिस के समान रैंक के अधिकारियों के एक निजी व्हाट्सऐप ग्रुप में एक पुलिस अधिकारी ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को लेकर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की थीं। यह ग्रुप अधिकारियों के बीच आंतरिक बातचीत के लिए बनाया गया था, लेकिन मामला निजी दायरे तक सीमित नहीं रहा।

बताया जा रहा है कि ग्रुप के एक सदस्य ने विवादित टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट और उनसे जुड़ी जानकारी राज्य सचिवालय नबन्ना के अधिकारियों तक पहुंचा दी। मामला उच्च स्तर तक पहुंचने के बाद कोलकाता पुलिस मुख्यालय में हलचल तेज हो गई। पुलिस कमिश्नर ने इसे प्रशासनिक अनुशासन से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए तथ्यों की जांच कराई।

जांच के बाद सोमवार देर रात संबंधित अधिकारी के खिलाफ निलंबन का आदेश जारी किया गया। इसके साथ ही उन्हें ऑफिसर-इन-चार्ज (OC) के पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया और उनकी सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

पहले भी पुलिस अधिकारियों पर हो चुकी है कार्रवाई

यह पहला मामला नहीं है, जब मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कोलकाता पुलिस के किसी अधिकारी पर कार्रवाई हुई हो। इससे पहले भी मुख्यमंत्री के संबंध में अभद्र टिप्पणी करने के आरोपों के बाद कम से कम दो पुलिस अधिकारियों को उनके पदों से हटाया जा चुका है। अब एक अन्य इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई से पुलिस विभाग में अनुशासन को लेकर सख्ती की चर्चा तेज हो गई है।

सोशल मीडिया और निजी ग्रुप की गतिविधियों पर भी नजर

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सेवा नियमों के तहत पेशेवर आचरण और अनुशासन का पालन करना अनिवार्य है। किसी वरिष्ठ अधिकारी या संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अनुचित टिप्पणी को अनुशासनहीनता के रूप में देखा जा सकता है।

इस कार्रवाई के बाद यह संकेत मिला है कि पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया गतिविधियों और निजी व्हाट्सऐप ग्रुप में की जाने वाली टिप्पणियों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि इस तरह की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाती है।

 

Latest stories

ऊधमसिंह नगर: रेस्टोरेंट में घुसा रॉकेट, तीन हटों में लगी आग, मकान भी आया चपेट में

काशीपुर: दिवाली की रात काशीपुर क्षेत्र में आतिशबाजी के...