काशीपुर: दिवाली की रात काशीपुर क्षेत्र में आतिशबाजी के दौरान आग लगने की दो घटनाएं सामने आईं। ग्राम निझरा स्थित एक फैमिली रेस्टोरेंट में रॉकेट घुसने से आग लग गई। आग रेस्टोरेंट की छत पर बनी तीन हटों तक फैल गई। वहीं, परमानंदपुर में भी एक मकान में आग लगने की घटना हुई। दोनों ही स्थानों पर स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। बाद में मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लिया। दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।

अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि 8 नवंबर की रात 10 बजकर 38 मिनट पर ग्राम निझरा स्थित एक फैमिली रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से एक अग्निशमन यूनिट को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। टीम के मौके पर पहुंचने पर पता चला कि रेस्टोरेंट की छत पर बनी तीन हटों में आग लगी थी। हालांकि, फायर यूनिट के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। इसके बाद अग्निशमन टीम ने आग को पूरी तरह बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं, दूसरी घटना परमानंदपुर की है, जहां एक मकान में आग लग गई। सूचना मिलने पर काशीपुर फायर स्टेशन से अग्निशमन वाहन मौके के लिए रवाना हुआ। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग बुझा दी थी। दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।





