देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की है। उन्होंने साफ कहा है कि उनकी प्राथमिकता मुख्यमंत्री बनना नहीं, बल्कि 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनते देखना है। यदि पार्टी चुनाव में बहुमत हासिल करती है, तो उन्हें मुख्यमंत्री या किसी अन्य पद की कोई इच्छा नहीं है।

हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री पद की दावेदारी से जुड़ी चर्चाओं को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद के लिए कई योग्य और काबिल नेता मौजूद हैं। ऐसे में सभी का लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार को सत्ता से हटाकर कांग्रेस की सरकार बनाना होना चाहिए।
बूथ कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री तक का सफर याद किया
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक की जिम्मेदारियां निभाने का अवसर दिया है। पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है, इसलिए अब किसी विशेष पद को पाने की उनकी कोई आकांक्षा नहीं है।
उन्होंने कहा कि वह लगातार जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को याद दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री रहते हुए उनके कार्यकाल के काम भी शामिल हैं। साथ ही, वह बीजेपी सरकार की नाकामियों को भी जनता के सामने रख रहे हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग
हरीश रावत ने अपनी पोस्ट में अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाना और उसकी हत्या से कथित तौर पर जुड़े वीआईपी को सजा दिलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस मामले को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए न्याय की मांग को कांग्रेस की प्रमुख राजनीतिक प्राथमिकताओं से जोड़ा।
मिड-डे मील घोटाले को लेकर बीजेपी पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों के मिड-डे मील और गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले खाद्यान्न की आपूर्ति में कथित घोटाले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के हक का राशन हड़पकर सैकड़ों करोड़ रुपये का घोटाला किया गया है।
हरीश रावत ने कथित घोटाले में 210 करोड़ रुपये की राशि का जिक्र करते हुए ‘बंटी-बबली’ की जोड़ी को जिम्मेदार ठहराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कथित घोटाले से अर्जित धन का इस्तेमाल बरेली में आलीशान फार्महाउस और एस्टेट बनाने में किया गया।
2027 के चुनाव पर कांग्रेस की नजर
हरीश रावत के इस बयान को उत्तराखंड कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। एक तरफ कांग्रेस प्रदेशभर में अभियान चलाकर चुनाव की तैयारियों में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर संभावित दावेदारों की चर्चाएं भी जारी हैं। ऐसे में हरीश रावत ने पद की दावेदारी से ज्यादा पार्टी की सत्ता में वापसी को प्राथमिकता देने का संदेश दिया है।

