खटीमा/उधम सिंह नगर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर अपने गृह क्षेत्र खटीमा के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सीमांत क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने दूरस्थ ग्राम बग्गा 54 में आयोजित जनसंपर्क एवं ‘मुख्य सेवक जनसंवाद’ कार्यक्रम में भाग लिया और स्थानीय जनता से संवाद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को विस्तार से जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और बग्गा 54 के विकास के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की राजस्व ग्राम का दर्जा और भूमि अधिकारों से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस दिशा में कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने गांव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों को आश्वस्त किया।
सीएम धामी के आगमन पर स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को गंगोत्री से निकलने वाली गंगा की धारा से जोड़ते हुए कहा कि यह पूरे देश में समान अधिकार और न्याय की भावना को मजबूत करेगी।
उन्होंने राज्य में लागू नकल विरोधी कानून को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसके तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है। साथ ही पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
क्याकिंग प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में:
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने उधम सिंह नगर के गदरपुर में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, खिलाड़ियों की सुविधाओं, दर्शक व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई और चिकित्सा सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की। इस मौके पर अरविंद पांडे भी उनके साथ मौजूद रहे।
बीजेपी कार्यालय में प्रेस वार्ता:
वहीं रुद्रपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ विषय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।





