HomeNationalकुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत का नैनीताल कार्यालयों पर छापा, अनियमितताओं पर कड़ी...

कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत का नैनीताल कार्यालयों पर छापा, अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश…

Date:

नैनीताल। Nainital में कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री सचिव Deepak Rawat ने एसडीएम-तहसील कार्यालय और निबंधन (सब-रजिस्ट्रार) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और अभिलेखीय स्तर पर कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
निरीक्षण में धारा 229-बी के अंतर्गत कई मामले 15 से 20 वर्षों से लंबित पाए गए, जिस पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि इन मामलों के निस्तारण के लिए साप्ताहिक तिथि निर्धारित कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं धारा 176 से जुड़े संपत्ति बंटवारे के मामलों में आदेश जारी होने के बावजूद पटवारियों द्वारा ‘कुर्रे’ दाखिल न करने पर भी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही उजागर
राजस्व अहलमद रोहित पालीवाल से धारा 143 के आवेदनों की जानकारी मांगी गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और अभिलेखों के अव्यवस्थित रखरखाव पर कमिश्नर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने और प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व निरीक्षकों और उप निरीक्षकों द्वारा समय पर कार्रवाई न करने पर भी नाराजगी जताई गई।

निस्तारण तक खुला रहेगा कार्यालय
कमिश्नर दीपक रावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धारा 143 से संबंधित सभी लंबित मामलों का निस्तारण होने तक कार्यालय खुले रहेंगे। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को राजस्व टीम के साथ बैठक कर लंबित प्रकरणों का जल्द समाधान करने को कहा। साथ ही लंबित मामलों में देरी के कारणों की रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में भी अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में भी कई खामियां सामने आईं। रजिस्ट्री के बाद दस्तावेज देने के लिए रिसिविंग पंजिका का अभाव पाया गया, वहीं कई रजिस्ट्री से जुड़े अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं थे। इस पर कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया और भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम सौरभ असवाल, प्रशिक्षु आईएएस दिव्यांशु मीणा, एसडीएम नवाजिश खलीक, तहसीलदार अक्षत कुमार भट्ट सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Latest stories

देहरादून में नौकरी की मांग पर प्रदर्शन तेज, 30 घंटे से पानी की टंकी पर डटी अभ्यर्थी

देहरादून। Dehradun के परेड ग्राउंड में बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों...