जम्मू: जम्मू-कश्मीर के जम्मू शहर में रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शकुंतला फ्लाईओवर पर छात्रों से भरी एक मेटाडोर (मिनीबस) अचानक पलट गई। हादसे में करीब 29 छात्र घायल हो गए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 26 घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
![]()
जानकारी के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब छात्र तिरंगा रैली में शामिल होने के बाद मेटाडोर से बाग-ए-बाहु से मुबारक मंडी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान शकुंतला फ्लाईओवर पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया गया और सभी घायलों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
29 घायल, तीन की हालत गंभीर
GMC जम्मू के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. वीरेंद्र त्रिसाल के मुताबिक, हादसे में कुल 29 छात्र घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि ज्यादातर घायलों की हालत खतरे से बाहर है। कुछ छात्रों को फ्रैक्चर हुआ है, जिनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
Chief Minister has expressed deep anguish over the road accident involving a matador carrying over 25 girls on the flyover near the Super Speciality Hospital, Jammu.
The injured were promptly provided medical attention and are reported to be out of danger. The Chief Minister…
— Office of Chief Minister, J&K (@CM_JnK) August 9, 2026
GMC प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, हादसे के बाद 29 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें तीन मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि 26 मरीजों की स्थिति स्थिर है।
गंभीर रूप से घायल छात्रों में सुहानी देवी (21), निवासी भवाल, जम्मू; आरती देवी (20), निवासी मजालता, उधमपुर; और सीमा देवी (27), निवासी अथोली, किश्तवाड़ शामिल हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जताया दुख
जम्मू फ्लाईओवर पर हुए इस हादसे की जानकारी मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को भी मिली। उन्होंने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल और सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और हर जरूरी सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
फिलहाल सभी घायल छात्रों का GMC जम्मू में उपचार चल रहा है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।





