खटीमा/चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टनकपुर-बिचई क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली और टैक्सी कार की जोरदार टक्कर में टैक्सी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर सवार तीन लोग घायल हो गए।

मृतक की पहचान 34 वर्षीय हरीश पुत्र मोहन राम के रूप में हुई है, जो पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट क्षेत्र के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, हरीश सवारियों को छोड़कर अपनी टैक्सी से टनकपुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
यह दुर्घटना खटीमा-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिचई स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित टैक्सी आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हरीश की जान चली गई।
वहीं, ट्रैक्टर चालक दयाराम, उनकी पत्नी रामवती और एक अन्य महिला राजेश्वरी इस हादसे में घायल हो गए। तीनों का इलाज टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि चंपावत जिले में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। इससे पहले बाराकोट क्षेत्र में एक कार के खाई में गिरने और आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।





