HomeNationalरुद्रपुर में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, एक फायरमैन घायल; तीन फायर...

रुद्रपुर में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, एक फायरमैन घायल; तीन फायर यूनिटों ने पाया काबू

Date:

रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर में बुधवार रात एक कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में एक फायरमैन घायल हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, रात लगभग 8:02 बजे 112 के माध्यम से सूचना मिली कि शिमला बहादुर, फूलसूंगा क्षेत्र में स्थित एक प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में फायर यूनिट रुद्रपुर घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि प्लास्टिक कबाड़ में लगी आग तेजी से फैल रही थी।

आग की गंभीरता को देखते हुए मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर दो डिलीवरी होज पाइपों के जरिए बुझाने का अभियान शुरू किया गया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए रुद्रपुर फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त यूनिट और पंतनगर फायर स्टेशन से भी एक यूनिट को मौके पर बुलाया गया। कुल तीन फायर यूनिटों ने संयुक्त अभियान चलाकर लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

Rudrapur scrap warehouse fire

अग्निकांड में खलील पुत्र जलील का प्लास्टिक कबाड़ जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग बुझाने के दौरान लीडिंग फायरमैन चंद्र प्रकाश के पैर में पिघला हुआ प्लास्टिक चिपक जाने से वे घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।

गौरतलब है कि बीती रात देहरादून के लक्ष्मण चौक स्थित एक फर्नीचर वर्कशॉप में भी अचानक भीषण आग लग गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल आग पर काबू पाया।

Latest stories

रेलवे कर्मचारियों का बड़ा ऐलान! 24 जून को देशभर में विरोध प्रदर्शन, जानें क्या हैं मांगें

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन (S&T)...