HomeNationalनैनीताल विंटर कार्निवाल का भव्य आगाज: 7 साल बाद लौटा उत्सव, स्टार...

नैनीताल विंटर कार्निवाल का भव्य आगाज: 7 साल बाद लौटा उत्सव, स्टार नाइट में चारू और परमिश ने दी धमाकेदार परफॉर्मेंस, दर्शक हुए बेकाबू

Date:

नैनीताल में बहुप्रतीक्षित विंटर कार्निवाल की मंगलवार रात भव्य और रंगारंग शुरुआत हुई। करीब सात साल बाद दोबारा शुरू हुए इस उत्सव की स्टार नाइट में बॉलीवुड सिंगर चारू सेमवाल और पंजाबी सुपरस्टार परमिश वर्मा की दमदार प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। कलाकारों की परफॉर्मेंस का जोश इस कदर बढ़ा कि बड़ी संख्या में युवा दर्शक बेकाबू हो गए और कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।

विंटर कार्निवाल का शुभारंभ सरस्वती वंदना और कुमाऊं की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा ‘राजुला मालूशाही’ की प्रस्तुति के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट और विशिष्ट अतिथि विधायक सरिता आर्या मौजूद रहीं। मंच संचालन हेमंत बिष्ट, नवीन पांडे, मीनाक्षी और कीर्ति ने किया।

NAINITAL WINTER CARNIVAL

स्टार नाइट के दौरान वैशाली ने माही वे, आज की रात मजा हुस्न का, मैं तेरी दिल्लगी और अभी तो पार्टी शुरू हुई है जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं मिश्रा ने तू जो छू ले प्यार से जैसे गीतों से माहौल को और संगीतमय बनाया। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर चारू सेमवाल ने कजरा मोहब्बत वाला, लगा जा गले, रात बाकी बात बाकी, बीड़ी जलइले, तम्मा तम्मा समेत कई सुपरहिट गीतों से दर्शकों का दिल जीत लिया, जिस पर पर्यटक और स्थानीय लोग जमकर झूमते नजर आए।

NAINITAL WINTER CARNIVAL

इसके बाद मंच संभालते ही पंजाबी सिंगर परमिश वर्मा ने जाट कर, तेरी या गद्दियां, गाल नी कडनी, सारे आम गल्ला और बदनाम नाम जाट जैसे हिट गानों से युवाओं में जबरदस्त उत्साह भर दिया। उनके गीतों पर दर्शकों ने खूब ठुमके लगाए।

कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नैनीताल में विंटर कार्निवाल का आयोजन किया गया है। विधायक सरिता आर्या ने जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के प्रयासों की सराहना की। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि कोरोना काल के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर विंटर कार्निवाल को दोबारा शुरू किया गया है और नैनीताल का मौसम इसके लिए अनुकूल है।

NAINITAL WINTER CARNIVAL

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इस कार्निवाल के माध्यम से कुमाऊंनी संस्कृति को देशभर में पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री के ‘आओ घाम तापो’ थीम से जुड़ा है और नैनीताल के प्रति केंद्र सरकार की विशेष रुचि को दर्शाता है।

NAINITAL WINTER CARNIVAL

हालांकि, कार्यक्रम के अंतिम चरण में परमिश वर्मा के मेन शो के दौरान स्थिति कुछ समय के लिए बिगड़ गई। बड़ी संख्या में युवा दर्शक बैरिकेडिंग तोड़कर मंच के सामने पहुंच गए, जिससे अव्यवस्था फैल गई। हालात को संभालने के लिए खुद परमिश वर्मा ने माइक से बार-बार शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद सीओ और एडीएम विवेक राय को मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।

Latest stories