लालकुआं/हल्द्वानी, उत्तराखंड: हल्द्वानी में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने नैनीताल रोड स्थित एक लग्जरी स्पा सेंटर पर छापेमारी कर महिला मैनेजर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि स्पा सेंटर का संचालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, बीते बृहस्पतिवार शाम तिकोनिया क्षेत्र के गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स में संचालित ‘एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर’ में औचक छापा मारा गया। जांच के दौरान स्पा सेंटर के भीतर संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले। तलाशी में पुलिस ने दो एंट्री रजिस्टर, 4,320 रुपये नकद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।
महिला मैनेजर सहित चार गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर की महिला मैनेजर, एक स्थानीय सहयोगी और दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
संचालक फरार, तलाश जारी
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर का संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने उसे भी नामजद करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि संचालक की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
6 युवतियों को किया गया रेस्क्यू
कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने प्रारंभिक काउंसलिंग के बाद सभी को मुखानी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है, जहां विशेषज्ञों द्वारा आगे की काउंसलिंग की जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
कैंची धाम दर्शन के लिए आए थे आरोपी युवक
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दो युवक कैंची धाम दर्शन के लिए उत्तराखंड आए थे और दर्शन के बाद हल्द्वानी में ठहरे हुए थे। इसी दौरान वे स्पा सेंटर पहुंचे, जहां पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए।
पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें
सूत्रों के अनुसार, संबंधित स्पा सेंटर के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने यह संयुक्त छापेमारी की योजना बनाई थी।
पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क का संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार संचालक की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।





