ऊधमसिंहनगर जिले में “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहे हैं और अवैध रूप से धन कमा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी निवासी इस्लामनगर, पहाड़ी कॉलोनी सितारगंज और सौरभ कुमार निवासी कुंवरपुर सिसैया, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाने का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
इस मामले में थाना पुलभट्टा में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी युवाओं को तेजी से अपराध की ओर धकेल रही है, इसलिए इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
एसएसपी अजय गणपति ने युवाओं से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसी गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें और कानून का पालन करें।





