उत्तरकाशी/लखनऊ: समाजवादी राजनीति के दिग्गज मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव का बुधवार सुबह अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव का उत्तराखंड से गहरा संबंध होने के कारण राज्य में भी इस खबर से दुख का माहौल है।
उत्तरकाशी से जुड़ा है अपर्णा यादव का पारिवारिक रिश्ता
जानकारी के अनुसार, अपर्णा यादव का मायका उत्तरकाशी जिले के डुंडा ब्लॉक स्थित सैंणी गांव में है। उनका जन्म वर्ष 1990 में लखनऊ में हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट उत्तर प्रदेश में राज्य सूचना आयुक्त रह चुके हैं, जबकि उनकी माता अंबी बिष्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी के पद पर कार्य कर चुकी हैं।
2011 में हुआ था विवाह
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव का विवाह वर्ष 2011 में हुआ था। दोनों पहले लंबे समय तक मित्र रहे, जिसके बाद परिवार की सहमति से शादी हुई। जहां प्रतीक यादव राजनीति से अपेक्षाकृत दूर रहे, वहीं अपर्णा यादव सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।
सैंणी गांव में शोक की लहर
प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही सैंणी गांव में शोक का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अपर्णा यादव का गांव से हमेशा भावनात्मक जुड़ाव रहा है और इस दुख की घड़ी में पूरा गांव उनके परिवार के साथ खड़ा है।
सपा से बीजेपी तक का राजनीतिक सफर
अपर्णा यादव ने वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।





