रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर कार्यालय में उत्तराखंड सरकार के परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनपद ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री Pradeep Batra का प्रथम आगमन ऐतिहासिक रहा। इस अवसर पर रुद्रपुर के मेयर Vikas Sharma के नेतृत्व में वरिष्ठ जनों, पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा प्रभारी मंत्री का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य और अभूतपूर्व स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने नगर निगम रुद्रपुर द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की। साथ ही शहर के समग्र और चहुंमुखी विकास को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की।

इस मौके पर मेयर Vikas Sharma ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 में रेनबो स्कूल से आर.ए.एन. पब्लिक स्कूल तक की जर्जर सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं जल निकासी के लिए नाला निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इस परियोजना के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव प्रभारी मंत्री Pradeep Batra को सौंपते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

मेयर ने कहा कि इस प्रस्ताव के स्वीकृत होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही जलभराव और खराब सड़कों की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। प्रभारी मंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।






