बाजपुर (उधम सिंह नगर) वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश कुमार ने आज विधानसभा बाजपुर के ग्रामीण मंडल अंतर्गत बरहैनी क्षेत्र में निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, अधोसंरचना एवं तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान राजेश कुमार ने कहा कि यह अत्याधुनिक शिक्षण संस्थान भविष्य में क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए ज्ञान, कौशल और उज्ज्वल संभावनाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस विद्यालय के माध्यम से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं का प्रथम चरण आगमन आगामी सोमवार से प्रारंभ होगा। इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है।

राजेश कुमार ने कहा कि जनजातीय समुदाय के विद्यार्थियों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्र और राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं सांसद अजय भट्ट के मार्गदर्शन में जनजातीय मंत्रालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने आगे कहा कि एकलव्य विद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि आदिवासी एवं पिछड़े वर्ग के बच्चों के सपनों को साकार करने का माध्यम है। यह संस्थान विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





