कुल्लू/मनाली: हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली से एक दुखद खबर सामने आई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव सिमसा क्षेत्र स्थित एक होम स्टे के कमरे से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजन भी मनाली पहुंच चुके हैं।

दोस्तों के साथ घूमने आए थे मनाली
पुलिस के अनुसार, वीर सोरेन 22 फरवरी को अपने दो दोस्तों के साथ मनाली पहुंचे थे और सिमसा स्थित एक होम स्टे में ठहरे थे। 23 फरवरी को सभी दोस्त सोलंग और सेथन क्षेत्र घूमने गए और शाम को वापस लौट आए।
साथ आए दोस्त अग्नय वर्मा ने पुलिस को बताया कि 24 फरवरी की सुबह वे दोबारा घूमने निकले, लेकिन वीर सोरेन कमरे में ही रुके रहे। दोपहर करीब 12:30 बजे जब दोस्त वापस लौटे तो वह सो रहे थे। जगाने पर उन्होंने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। साथियों ने दवा मंगवाकर दी, जिसके बाद वह दोबारा सो गए।
कमरे में गिरने की आवाज, अस्पताल ले जाते समय निकला झाग
करीब दोपहर 2 बजे कमरे से गिरने की आवाज आई। दोस्त अंदर पहुंचे तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरे हुए मिले। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। दोस्तों के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय उनके मुंह से झाग निकलने लगा था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने काफी देर तक सीपीआर दिया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
बाहरी चोट के निशान नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अस्पताल से सूचना मिलने पर मनाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों को सूचना दे दी गई है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य मनाली पहुंच चुके हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की असल वजह स्पष्ट हो सके।





