रुद्रपुर में सांसद अजय भट्ट ने केंद्र सरकार के ताजा बजट को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मजबूत आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट किसान, युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग और वैज्ञानिकों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित वार्ता के दौरान सांसद भट्ट ने कहा कि भारत वर्तमान में विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में रेल और आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर गंभीर है।
सांसद ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण ऐतिहासिक साबित होगा और इसके लिए हर बजट में पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किया जा रहा है। साथ ही खटीमा-किच्छा रेल लाइन के निर्माण को लेकर भी सरकार गंभीर है और आने वाले समय में इस परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा। उड़ान योजना के तहत प्रदेश के और क्षेत्रों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा, जबकि मोनो ट्रेन चलाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए हिमालयी राज्यों के 1954 गांवों को चिन्हित किया गया है। वर्तमान में हिमालयी क्षेत्र के 1700 से अधिक गांव खाली हो चुके हैं, जिन्हें दोबारा आबाद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि आज भारत 100 से अधिक देशों को इलेक्ट्रिक वाहनों की आपूर्ति कर रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और पूर्व मेयर रामपाल सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।





