शक्तिफार्म। विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान द्वारा बंगाली समुदाय को लेकर दिए गए बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। चौहान के बयान को बंगाली विरोधी बताते हुए शक्तिफार्म के भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय बंगाली समाज ने कड़ा विरोध जताया है। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से बंगाली समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है।
![]()
भाजपा मंडल अध्यक्ष गोविंद तालुकदार, महामंत्री मनोज सरकार, युवा मोर्चा जिला महामंत्री मयंक अग्रवाल, उपाध्यक्ष रिपुसूदन मंडल, मीना मजूमदार, सभासद विक्रम भंडारी और गोविंद पोखरिया सहित कई नेताओं ने चौहान के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे के बाद उत्तराखंड में बसे बंगाली समुदाय यहां के मूल निवासी हैं। अनुसूचित जाति का दर्जा उन्हें अधिकार के रूप में मिला है, यह कोई कृपा नहीं है।
नेताओं ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने स्वयं बंगाली समाज को आरक्षण देने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा था। चौहान के बयान से खटीमा से लेकर गदरपुर तक का बंगाली समाज आक्रोशित है। उन्होंने किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ और गदरपुर के पूर्व विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन नेताओं ने भी इस समाज के मुद्दों को कभी मजबूती से नहीं उठाया।
वक्ताओं ने कहा कि बंगाली समुदाय के हित में पट्टाधारकों को भूमिधरी अधिकार, सिरसा मार्ग और सूखी नदी पर पुल निर्माण, तथा गुरुचांद ठाकुर छात्रवृत्ति योजना जैसी कई पहलें कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के कार्यकाल में हुई हैं।
इस मौके पर संजय बाछड़, समीर डे, दिलीप मिस्त्री, प्रभाकर राय, रबीन खान, तारक मंडल, सुबीर सरकार, प्रशांत मंडल और अन्य मौजूद रहे।
दिनेशपुर में उग्र प्रदर्शन, विधायक चौहान और मंत्री बहुगुणा का पुतला दहन
दिनेशपुर में बंगाली समाज के लोगों ने मुन्ना सिंह चौहान की टिप्पणी के खिलाफ सुभाष चौक पर विरोध प्रदर्शन किया और मुन्ना सिंह चौहान व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का पुतला फूंका।
बंगाली छात्र युवा संगठन के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन ने कहा कि मुन्ना सिंह लगातार बंगाली समाज का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सत्र के दौरान सौरभ बहुगुणा सदन में मौजूद होने के बावजूद उन्होंने चौहान की टिप्पणी पर आपत्ति क्यों नहीं जताई।
प्रदर्शन में बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, ममता हाल्दार, आशुतोष राय, नारायण हाल्दार, विकास राय, प्रसन्नजीत शाह, अमृत विश्वास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





