उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के 379 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के तहत लेखाकार, सहायक लेखाकार, सहायक लेखाकार/कनिष्ठ सम्परीक्षक, कार्यालय सहायक तृतीय (लेखा) और कैशियर कम सहायक लेखाकार जैसे पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी आवेदन में संशोधन 18 से 20 अगस्त 2026 के बीच कर सकेंगे। भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि 12 अक्टूबर 2026 तय की गई है।
आवेदन के लिए आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
- हाईस्कूल प्रमाण पत्र
- आधार कार्ड (दोनों तरफ की प्रति)
- आरक्षण श्रेणी/उपश्रेणी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- अनुभव प्रमाण पत्र (जहां आवश्यक हो)
महत्वपूर्ण तिथियां
- विज्ञापन जारी होने की तिथि: 21 जुलाई 2026
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 26 जुलाई 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि: 15 अगस्त 2026
- आवेदन संशोधन अवधि: 18 से 20 अगस्त 2026
- लिखित परीक्षा (संभावित): 12 अक्टूबर 2026
किन विभागों में कितने पद?
इस भर्ती अभियान के तहत सबसे अधिक 230 पद निदेशालय विभागीय लेखा, उत्तराखंड में सहायक लेखाकार के लिए भरे जाएंगे। इसके अलावा उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) में 75, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद में 13, अल्मोड़ा कोषागार में 13 और नैनीताल कोषागार में 12 सहायक लेखाकार पदों पर भर्ती की जाएगी।
वहीं, उत्तराखंड जल संस्थान में 5 सहायक लेखाकार/कनिष्ठ सम्परीक्षक, पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन में 5 सहायक लेखाकार और 5 कार्यालय सहायक (लेखा), उधम सिंह नगर कोषागार में 5, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड में 3, ब्रिडकुल में 3, रुद्रप्रयाग कोषागार में 3, कोषागार, पेंशन एवं हकदारी निदेशालय में 3, चंपावत कोषागार में 2, बागेश्वर कोषागार में 1 तथा अभियोजन विभाग में 1 पद पर भर्ती की जाएगी।
यहां करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी 26 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने उम्मीदवारों से आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती अभियान सुनहरा अवसर माना जा रहा है, क्योंकि विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में लेखा संवर्ग के पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।





