देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण की घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस के तेवर और तीखे हो गए हैं। मामले के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं का दावा है कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास कूच की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को यमुना कॉलोनी स्थित अपने आवास पर आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
प्रीतम सिंह ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद हुई घटना लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ है। उन्होंने मामले के दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता निराश है और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में प्रदेश में परिवर्तन तय है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
वहीं, पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि खरगे की सभा स्थल के शुद्धिकरण मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी। साथ ही दावा किया कि मुख्यमंत्री आवास कूच में प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
बैठक में प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, पूर्व प्रदेश महामंत्री राजीव पुंज, पूर्व पार्षद रमेश कुमार मंगू, प्रदेश सचिव देवेंद्र पाल सिंह, पूर्व प्रदेश सचिव सुधीर समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





