HomeUttarakhandहरिद्वार के पथरेश्वर महादेव मंदिर में डबल मर्डर! जंगल में गड्ढे से...

हरिद्वार के पथरेश्वर महादेव मंदिर में डबल मर्डर! जंगल में गड्ढे से मिले दो साधुओं के शव, जांच में जुटी पुलिस

Date:

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र स्थित पथरी थाना अंतर्गत पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मामले की प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है।

laksar Pathri Sadhu Murder Case

पुलिस के अनुसार मंदिर के एक सेवादार ने दो साधुओं के अचानक लापता होने और किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पथरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में संदिग्ध स्थान की खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया, “दो साधुओं की हत्या कर उनके शव गड्ढा खोदकर दबाने का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।”

पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। घटना के बाद से उसके फरार होने के चलते संदेह और गहरा गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

Latest stories