देहरादून में विजिलेंस डायरेक्टर वी. मुरुगेशन ने भ्रष्टाचार निवारण हेल्पलाइन 1064 की समीक्षा रिपोर्ट जारी की। अप्रैल 2022 से सितंबर 2025 तक हेल्पलाइन पर 9,424 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 1,421 शिकायतें विजिलेंस एंगल की पाई गईं। इन पर कार्रवाई करते हुए 79 ट्रैप मामलों में 92 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिनमें 13 राजपत्रित अधिकारी भी शामिल हैं।

अब तक विजिलेंस विभाग ने ट्रैप और अन्य प्रकरणों में 116 लोगों को जेल भेजा है। इनमें 20 गजेटेड ऑफिसर और 96 गैर-राजपत्रित कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा, अदालतों में प्रस्तुत 37 प्रकरणों में से 28 में दोष सिद्ध होने पर सजा भी सुनाई जा चुकी है।
विजिलेंस प्रमुख ने बताया कि शिकायतें सबसे ज्यादा राजस्व, पुलिस, पंचायती राज, विद्युत, स्वास्थ्य, परिवहन, कर, वन, शहरी विकास, आबकारी और शिक्षा विभागों से संबंधित रही हैं। हेल्पलाइन पर रिश्वत मांगने की शिकायत मिलते ही तत्काल ट्रैप कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन की बदौलत भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और तीन साल में विजिलेंस की कार्रवाई का सक्सेस रेट 71% दर्ज किया गया है।





