उधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र से एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक उद्योगपति के घर को निशाना बनाते हुए करीब 90 लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण पार कर लिए। घटना के समय पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

मामला किच्छा स्थित आवास विकास कॉलोनी का है, जहां वरिष्ठ राइस मिलर राजेंद्र अग्रवाल के घर में यह वारदात हुई। जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को अग्रवाल परिवार रामनगर में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। करीब दो दिन बाद जब परिवार वापस लौटा, तो घर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारियों व लॉकरों को तोड़ दिया गया था। चोर घर में रखी भारी मात्रा में नकदी और कीमती जेवरात लेकर फरार हो चुके थे। चोरी की कुल कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि चोरों ने घर के कई दरवाजों और लॉकरों को तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
हालांकि, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए दो संदिग्धों की पहचान की है। उनकी तलाश तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों ने टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है और पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।





