किच्छा। मुख्य बाजार में शुक्रवार को भाजपा किच्छा नगर मंडल और देवभूमि व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने शिरकत की।

कार्यक्रम का उद्देश्य हाल ही में घटाई गई जीएसटी दरों के लाभों को आम जनता और व्यापारियों तक पहुंचाना था। इस दौरान राजेश शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए आर्थिक सुधारों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जीएसटी दरों में कटौती का सीधा लाभ आम जनता, व्यापारी वर्ग और छोटे उद्यमियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नई दरों से उपभोक्ता वस्तुएं सस्ती हुई हैं, जिससे महंगाई पर नियंत्रण के साथ-साथ बाजार में खरीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और जनहितकारी नीतियों की सराहना करते हुए इसे देश की आर्थिक मजबूती की दिशा में अहम कदम बताया।

पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भी प्रशंसा की और कहा कि राज्य सरकार केंद्र की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है, जिससे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और व्यापारी नेताओं ने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे ग्राहकों को जीएसटी दरों में कटौती की पूरी जानकारी दें और स्थानीय व स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें, ताकि आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती मिले।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, विजय अरोड़ा, मनमोहन सक्सेना, नितिन फुटेला, अमन मदान, सुरेंद्र चौधरी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और व्यापारी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने जीएसटी दरों में कटौती का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम नवरात्रि से दीपावली तक त्योहारी सीजन में बाजार में नई ऊर्जा और उत्साह भरेगा।





