ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन और औद्योगिक विकास प्राधिकरण तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
![]()
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम 5 बजे गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे और एक्सपो मार्ट का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री वहीं रात विश्राम करेंगे। ट्रेड शो के उद्घाटन के दिन, सुबह साढ़े 8 बजे सीएम योगी एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे, जबकि प्रधानमंत्री मोदी सुबह 9:30 बजे ग्रेटर नोएडा में आगमन करेंगे और कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों की समीक्षा
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा लगातार जारी है। मंगलवार को अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने तैयारियों का निरीक्षण किया और जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट डायवर्जन, वीवीआईपी मूवमेंट और भीड़ नियंत्रण पर विशेष चर्चा हुई।
सुरक्षा के मद्देनजर निषेधाज्ञा लागू
ट्रेड शो के दौरान सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए ज्वाइंट सीपी लॉ एंड आर्डर डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने विशेष निषेधाज्ञा जारी की है। इसके तहत गुरुवार को विशिष्ट अतिथियों के आगमन के चलते ड्रोन, गुब्बारे, रिमोट संचालित माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और पैराग्लाइडर उड़ाने पर 24 घंटे के लिए पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश बुधवार मध्यरात्रि से प्रभावी होकर गुरुवार रात 12 बजे तक लागू रहेगा।
तैयारियों के अंतिम चरण में प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम संचालन की सभी व्यवस्थाओं को परख लिया है, ताकि प्रधानमंत्री के आगमन और ट्रेड शो का संचालन सुचारू रूप से हो सके।





