देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष की मौजूदगी में बुधवार को राजधानी के कुआंवाला स्थित एक निजी संस्थान में पार्टी की प्रदेश कार्यशाला आयोजित होगी। इस एकदिवसीय कार्यशाला में प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार समेत सभी नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे।

प्रदेश मीडिया संयोजक मनवीर चौहान ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य एजेंडा 2027 के मिशन हैट्रिक और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर केंद्रित रहेगा। इसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नई जनप्रतिनिधियों की टीम को सक्रिय करने, संगठन के कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने और सभी प्रकोष्ठों व मोर्चों की इकाइयों का बूथ स्तर तक गठन करने पर चर्चा होगी।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यशाला के बाद नई प्रदेश टीम मिशन 2027 की तैयारियों में पूरी तरह जुट जाएगी। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को दैवीय आपदा सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रहे हैं। सरकार जहां आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में जुटी है, वहीं कार्यकर्ता भी लोगों की सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।





