रुद्रपुर। जिले में डेंगू का दूसरा मामला सामने आया है। दिनेशपुर के 22 वर्षीय युवक की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। इससे पहले अगस्त में डेंगू का पहला मामला दर्ज किया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने दूसरा मामला सामने आने के बाद सतर्कता बढ़ा दी है।

जिला वैक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. गुरनाम सिंह ने बताया कि युवक बीते सोमवार देर शाम निजी लैब में जांच कराने के बाद डेंगू से संक्रमित पाया गया। वह कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित था। युवक का इलाज घर पर ही चल रहा है और उसकी हालत में सुधार है।
डॉ. सिंह ने बताया कि मंगलवार को डेंगू की आशंका वाले 28 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं ने 3954 घरों की जांच की, जिसमें पांच स्थानों पर लार्वा मिला। स्वयंसेवकों ने 979 घरों की जांच की और 17 स्थानों पर लार्वा पाया गया, जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया।
सीएमओ यूएस नगर डॉ. केके अग्रवाल ने कहा कि डेंगू को लेकर अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड पर हैं। अस्पतालों में अप्रैल से ही डेंगू वार्ड बनाए गए हैं और पर्याप्त दवाइयां मौजूद हैं। निजी अस्पतालों में भी डेंगू जांच का न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया गया है। घरों की जांच और लोगों के सैंपल लेने में और तेजी लाई जाएगी।





