काशीपुर। देहरादून से खटीमा लौट रहे परिवार की कार शुक्रवार तड़के हादसे का शिकार हो गई। रुद्रपुर-हरिद्वार हाईवे पर ढिल्लो ढाबा के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में खटीमा निवासी कमला देवी (69) पत्नी खीमानंद की मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

कैसे हुआ हादसा
परिवार बीती गुरुवार रात देहरादून से खटीमा लौट रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे कार डिवाइडर से टकरा गई। गश्त कर रही पुलिस ने घायलों को तुरंत एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कमला देवी को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप – समय पर नहीं मिला शव
हादसे की सूचना पाकर परिजन सुबह साढ़े 6 बजे अस्पताल पहुंच गए थे, लेकिन शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया था। परिजनों का कहना है कि दोपहर 12 बजे तक उन्हें यह नहीं बताया गया कि पोस्टमार्टम किस थाने की पुलिस कराएगी और न ही शव दिखाया गया।
आखिरकार परिजनों ने डायल 112 पर शिकायत की। इसके बाद करीब साढ़े 12 बजे कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया।





