उत्तराखंड इन दिनों फिल्मों और वेब सीरीज़ की शूटिंग का हब बनता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को मशहूर एक्टर हेमंत पांडे (हॉलीवुड व बॉलीवुड कलाकार) ने रुद्रपुर पहुंचकर अपनी आने वाली फिल्मों “बोल्या काका” और “दून एक्सप्रेस” का प्रमोशन किया। प्रेस वार्ता का आयोजन शहर के चर्चित CA जयप्रकाश अग्रवाल के कार्यालय, एयरन प्लाज़ा (सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के सामने) में हुआ।

जल्द होगी रिलीज़ – बोल्या काका और दून एक्सप्रेस
हेमंत पांडे ने बताया कि सितंबर तक उनकी दोनों फिल्में बड़े पर्दे पर दस्तक देंगी।
-
बोल्या काका – जी बी म्यूजिक ट्रेडिंग एंड सर्विस प्रोवाइडर के बैनर तले बनी है। फिल्म के प्रोड्यूसर प्रशांत कुमार, डायरेक्टर और लेखक शिव नारायण सिंह रावत हैं, जिन्हें फिल्म इंडस्ट्री में 50 साल का अनुभव है।
फिल्म के कलाकारों में सुमन गौड़, विपिन सेमवाल, मोहित घिल्डियाल, शिवानी कुकरेती, अशोक नेगी समेत कई जाने-पहचाने चेहरे शामिल हैं। म्यूज़िक डायरेक्टर विनोद चौहान और गीतकार द्रुपद लक्की हैं।
इस फिल्म का मकसद उत्तराखंड की ज्वलंत समस्याओं और रोहिंग्या घुसपैठ जैसे मुद्दों को पर्दे पर लाना है। -
दून एक्सप्रेस – पांडे एंटरटेनमेंट एंड प्रोडक्शन के बैनर तले बनी यह फिल्म महिला सशक्तिकरण और एक 10 वर्षीय बच्ची के संघर्ष की कहानी है। फिल्म में हेमंत पांडे उत्तराखंड के एक राजनीतिक नेता का अहम किरदार निभा रहे हैं।
इसके प्रोड्यूसर दीपक पांडे व ममता पांडे, डायरेक्टर व लेखक अनुग्रह अग्निहोत्री हैं। इसमें रितिका शर्मा, अंकित परिहार, संयोगिता ध्यानी सहित कई कलाकार नजर आएंगे।
उत्तराखंडी फिल्मों को चाहिए प्राइम टाइम
फिल्म के डायरेक्टर शिव नारायण सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंडी भाषा और संस्कृति को बचाने के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बंगाल सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे वहां बंगला फिल्मों को प्राइम टाइम शो का अधिकार मिला है, वैसे ही उत्तराखंडी फिल्मों को भी सिनेमाघरों में प्राइम टाइम मिलना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “Vocal for Local” संदेश का ज़िक्र करते हुए कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देकर ही संस्कृति को संरक्षित किया जा सकता है।
“उत्तराखंड की पहचान होगी फिल्मों से” – दीपक पांडे
दून एक्सप्रेस के प्रोड्यूसर दीपक पांडे ने कहा कि “बोल्या काका सुपरहिट साबित होगी। इसके बाद दून एक्सप्रेस पूरे भारत में रिलीज़ होगी। हम उत्तराखंड की हर फिल्म को प्रमोट करेंगे ताकि यहां की संस्कृति, बोली-भाषा, खानपान और प्राकृतिक खूबसूरती देश-दुनिया तक पहुंचे। फिल्म इंडस्ट्री से राज्य के युवाओं को रोजगार और पहचान दोनों मिलेंगी।”
नए प्रोजेक्ट्स भी लाइन में
डायरेक्टर अनुग्रह अग्निहोत्री ने बताया कि वे दून एक्सप्रेस के साथ-साथ एक नई वेब सीरीज़ “TALASH” पर भी काम कर रहे हैं। इसका निर्माण ON Films और Nithin Entertainment कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रोड्यूसर ममता पांडे और CA जयप्रकाश अग्रवाल भी मौजूद रहे।





