हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सड़क पर सरेआम हुड़दंग करने और राहगीरों को डराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो नहरिया रोड पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में सामने आए दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग, राहगीरों को डराने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने का वीडियो वायरल
मामला 14 अगस्त की शाम का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सड़क के बीच हुड़दंग करते नजर आए। आरोप है कि युवक हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने और सड़क पर दबंगई दिखाने की कोशिश कर रहे थे।
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। अन्य माध्यमों से भी वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की गई।
जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दो नाबालिगों की भी पहचान हुई, जिन्हें पुलिस ने संरक्षण में लेकर काउंसलिंग की और बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया।
एक आरोपी शराब के नशे में मिला
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक युवक शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दो बाइक सीज, एक बिना नंबर प्लेट की
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लेटिना बाइक बताई गई है, जिसके वैध दस्तावेज भी पुलिस को प्रस्तुत नहीं किए गए।
दूसरी मोटरसाइकिल रॉयल एनफील्ड है, जिसका पंजीकरण नंबर UK04AS-4102 बताया गया है।
सोशल मीडिया वीडियो पर पुलिस की पैनी नजर
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो, जिनमें सार्वजनिक शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां दिखाई देती हैं, उनका तत्काल संज्ञान लिया जाएगा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि सड़क पर दबंगई दिखाने, राहगीरों को डराने या सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ऐसे लोगों में कानून का खौफ पैदा करने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने का संदेश गया है।





