HomeUttarakhandकांवड़ यात्रा: गंगाजल लेकर जा रहे कांवड़िये की चलती बाइक में अचानक...

कांवड़ यात्रा: गंगाजल लेकर जा रहे कांवड़िये की चलती बाइक में अचानक लगी आग, मौके पर मची अफरा तफरी

Date:

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में डाक कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा होने से टल गया। नगला इमरती गांव के पास दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर देर रात गंगाजल लेकर जा रहे एक कांवड़िये की चलती बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि, हादसे में बाइक सवार कांवड़िया बाल-बाल बच गया।

घटना नगला इमरती गांव स्थित सागर रत्ना होटल के पास हुई। बताया जा रहा है कि डाक कांवड़ के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक कांवड़िये की बाइक में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बाइक सवार ने किसी तरह वाहन से उतरकर अपनी जान बचाई।

कुछ ही सेकेंड में आग ने लिया विकराल रूप

बाइक में आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरी बाइक धू-धू कर जलने लगी। घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से जली हुई बाइक को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कराया गया।

पुलिस ने साइलेंसर हटाने को बताया आग की वजह

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि बाइक सवार शिवभक्त पूरी तरह सुरक्षित है और घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर बाइक से साइलेंसर हटाया जाना आग लगने की वजह प्रतीत हो रहा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार कांवड़ियों से अपील की जाती है कि वाहनों में किसी तरह का बदलाव न करें और साइलेंसर हटाकर वाहन न चलाएं।

डाक कांवड़ के चलते हाईवे पर बढ़ा वाहनों का दबाव

फिलहाल डाक कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। हरिद्वार से बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों की ओर लौट रहे हैं। इनमें बाइक और अन्य दोपहिया वाहनों से यात्रा करने वाले कांवड़ियों की संख्या भी काफी है।

तेज रफ्तार के बीच कुछ कांवड़ियों द्वारा वाहनों से साइलेंसर हटाकर चलने के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में वाहनों में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।

रुड़की की इस घटना में बाइक पूरी तरह जल गई, लेकिन राहत की बात रही कि बाइक सवार समय रहते सुरक्षित उतर गया और किसी की जान नहीं गई।

Latest stories

PM मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं से की मुलाकात, खिलाड़ियों को दी बधाई

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कॉमनवेल्थ...