हरिद्वार: कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार के प्रभारी सचिव लवकेश कुमार को कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की सुपारी देकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद मंडी प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने एक नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी सचिव लवकेश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। उनके अनुसार, वीडियो में त्रिपुरारी नाम का एक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ बातचीत करता दिखाई दे रहा है, जिसमें कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये का जिक्र करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
सचिव ने आरोप लगाया कि वीडियो वायरल होने के बाद मंडी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया है। इसका असर सरकारी कार्यों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्य भी इस घटना के बाद दहशत में हैं। एक सरकारी अधिकारी होने के बावजूद उन्हें खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं, इसलिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
दरअसल, करीब तीन दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ लोग एक कमरे में बातचीत करते नजर आते हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए किसी को “पांच करोड़ लेकर मारने” की बात कहता सुनाई देता है। वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति जब पूछता है कि किसे मारना है, तो सामने मौजूद व्यक्ति कथित तौर पर जवाब देता है, “सचिव को।” हालांकि वीडियो में मौजूद कुछ अन्य लोग इस बातचीत पर हंसते हुए भी सुनाई देते हैं। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दिखाई देने वाले अधिकांश लोग मंडी से जुड़े व्यापारी बताए जा रहे हैं।
मामले की सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की गहन जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





