काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी का नया तरीका अपनाकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से लगभग एक लाख रुपये उड़ा लिए। आरोप है कि ठगों ने पीड़ित के मोबाइल फोन का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर उसमें एक संदिग्ध (मैलिसियस) एप्लिकेशन इंस्टॉल कर दी। इसी एप के जरिए बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 99,800 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मोहल्ला लक्ष्मीपुर निवासी इसरार अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 जून 2026 की रात करीब 11 बजे अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल फोन को हैक कर लिया। इसके बाद फोन में बिना अनुमति एक संदिग्ध एप इंस्टॉल कर दी गई, जिसने मोबाइल के एसएमएस, कॉल, कैमरा और अन्य जरूरी फीचर्स का एक्सेस हासिल कर लिया।
रात में खाते से उड़ाई गई रकम
पीड़ित के अनुसार, घटना के समय वह ड्यूटी से लौटने के बाद घर पर सो रहे थे और मोबाइल फोन उनके पास ही रखा था। इसी दौरान साइबर ठगों ने यूपीआई के माध्यम से उनके बैंक खाते से 99,800 रुपये निकाल लिए। उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी अगले दिन तब हुई, जब उनका मोबाइल बार-बार हैंग होने लगा।
संदिग्ध ऐप मिलने पर हुआ खुलासा
सुबह मोबाइल की जांच करने पर उन्हें फोन में एक ऐसा एप मिला, जिसे उन्होंने कभी डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं किया था। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस से की।
साइबर पुलिस कर रही जांच
क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि साइबर थाने में दर्ज एफआईआर जांच के लिए काशीपुर पुलिस को भेज दी गई है। पुलिस मोबाइल के आईपी एड्रेस, बैंक ट्रांजेक्शन, संदिग्ध एप के सोर्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल में किसी भी अनजान एप को इंस्टॉल न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और बैंकिंग से जुड़ी किसी भी असामान्य गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को दें।





