HomeNationalउत्तराखंड बस हादसा: 9 लोगों की मौत, 25 घायल; एम्स ऋषिकेश पहुंचे...

उत्तराखंड बस हादसा: 9 लोगों की मौत, 25 घायल; एम्स ऋषिकेश पहुंचे CM धामी, मुआवजे का ऐलान

Date:

देहरादून: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टिहरी जनपद के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घायलों का हाल जानने एम्स पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एम्स ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

मुख्यमंत्री ने टिहरी जनपद के उलर घाटी के पास हुई इस बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

हादसे की जांच के आदेश, प्रशासन को दिए जरूरी निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के बाद प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तरह जुटी हुई हैं। घायलों को एम्स ऋषिकेश सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराकर उनके बेहतर उपचार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को भी मिलेगी आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। इसके तहत मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये और सामान्य रूप से घायल लोगों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल और आरटीओ देहरादून को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल एम्स ऋषिकेश और अन्य अस्पतालों में घायलों का उपचार जारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

12


Latest stories

Udham Singh Nagar : सीएम धामी की बड़ी सौगात, 54 लाख की लागत से बनी धर्मशाला का किया उद्घाटन

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने...

मुख्यमंत्री पर WhatsApp ग्रुप में टिप्पणी करना पुलिस इंस्पेक्टर को पड़ा भारी, सस्पेंड

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और राज्य...