HomeNationalनए साल के जश्न में डूबे नैनीताल और मसूरी, पहाड़ों में दिखा...

नए साल के जश्न में डूबे नैनीताल और मसूरी, पहाड़ों में दिखा उत्सव का माहौल

Date:

मसूरी/नैनीताल। नववर्ष के स्वागत में ‘पहाड़ों की रानी’ मसूरी और सरोवर नगरी नैनीताल पूरी तरह उत्सव के रंग में रंगी नजर आईं। 31 दिसंबर की रात से लेकर नए साल के पहले दिन तक देश-विदेश से आए हजारों पर्यटकों ने ठंड के बीच उत्साह और उल्लास के साथ नववर्ष का जश्न मनाया। मसूरी के माल रोड, केम्पटी फॉल, गनहिल और लाइब्रेरी क्षेत्र में देर रात तक रौनक बनी रही, वहीं नैनीताल में भी सैलानियों ने प्रकृति की गोद में नए साल का स्वागत किया।

नववर्ष के मौके पर मसूरी के होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे लगभग फुल रहे। सोशल मीडिया पर जाम और भीड़ की तस्वीरें सामने आने के बाद कुछ बुकिंग रद्द जरूर हुईं, लेकिन इसके बावजूद पर्यटन कारोबार संतोषजनक रहा। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज, लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की खास व्यवस्था की, जिसका सैलानियों ने जमकर आनंद लिया।

नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए मसूरी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज असवाल के नेतृत्व में प्रमुख इलाकों में मार्च पास्ट किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3 इंस्पेक्टर, 26 सब-इंस्पेक्टर, 60 कांस्टेबल और पीएसी की दो बटालियन तैनात रहीं। हुड़दंग मचाने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर सख्ती बरती गई, कई लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई।

Mussoorie News Year Celebrations

एसडीएम मसूरी राहुल आनंद और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता रही कि पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और यादगार अनुभव मिले। कड़ी सुरक्षा, आकर्षक सजावट, ठंडी हवाओं के बीच पहाड़ी व्यंजनों की खुशबू और रंगीन बाजारों ने मसूरी को नववर्ष पर खास बना दिया। वहीं, रमाडा होटल के महाप्रबंधक हर्षमणि सेमवाल ने कहा कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से नववर्ष आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हुआ।

उधर, सरोवर नगरी नैनीताल और विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क क्षेत्र में भी नए साल का जश्न खासा उत्साह के साथ मनाया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने जंगल सफारी, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों के बीच नए वर्ष का स्वागत किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए प्लास्टिक मुक्त नए साल का संदेश भी दिया गया।

Mussoorie News Year Celebrations

नैनीताल के प्रमुख होटलों—शेरवानी लॉज, विक्रम विंटेज, नैनी रिट्रीट और नमः रेडिएशन—में डीजे और लाइव म्यूजिक की धूम रही। कुमाऊंनी नृत्य, कठपुतली नृत्य, कपल डांस और बॉलीवुड गीतों पर सैलानी देर रात तक झूमते नजर आए। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से मॉल रोड पर संगीत और ठंड से बचाव के लिए गैस हीटर की व्यवस्था भी की गई।

कुल मिलाकर, मसूरी और नैनीताल में नववर्ष का जश्न उमंग, उत्साह और सकारात्मक संदेशों के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Latest stories