रुद्रपुर: शहर में रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 55 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चीमा अस्पताल के बाहर हुआ, जहां बाइक की चपेट में आने से सिलाई का काम करने वाले नन्हे लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिलासपुर निवासी नन्हे लाल वर्तमान में रुद्रपुर में रहकर सिलाई का काम करते थे। उनका बेटा पैर के ऑपरेशन के बाद चीमा अस्पताल में भर्ती है। गुरुवार को नन्हे लाल बेटे का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि अस्पताल से बाहर निकलते ही रॉन्ग साइड से तेज गति में आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नन्हे लाल के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
परिजनों के मुताबिक, नन्हे लाल का बेटा भी पहले सड़क हादसे में घायल हुआ था और फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। बेटे के इलाज के बीच पिता की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





