काशीपुर: काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा शनिवार को शहीद नायक सूबेदार रमेश सिंह रावत के आवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वीर शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान देश कभी नहीं भुला सकता।
उन्होंने कहा कि अमर शहीद रमेश सिंह रावत का त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका जज्बा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा। वीर जवानों के बलिदान के कारण ही देश की सुरक्षा और संप्रभुता मजबूत बनी हुई है।
इस दौरान विधायक ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।





