HomeNationalरुद्रपुर SSP कार्यालय में हड़कंप: संपत्ति विवाद में महिला पेट्रोल लेकर पहुंची,...

रुद्रपुर SSP कार्यालय में हड़कंप: संपत्ति विवाद में महिला पेट्रोल लेकर पहुंची, पुलिस की सूझबूझ से टली अनहोनी

Date:

रुद्रपुर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब संपत्ति विवाद से परेशान एक महिला ज्वलनशील पदार्थ लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। महिला को आत्मदाह की आशंका के चलते देखते ही पुलिस कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस की सूझबूझ से स्थिति को संभाल लिया गया और किसी भी अनहोनी से पहले महिला को शांत करा लिया गया।

आवास विकास क्षेत्र की रहने वाली महिला का अपने देवर से लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़िता का आरोप है कि उसका देवर करीब 28 वर्षों तक उसके घर में रहा, बाद में उसने दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में अपने मकान बना लिए। तीन साल पहले देवर अपने परिवार के साथ ट्रांजिट कैंप स्थित मकान में रहने लगा, लेकिन अब वह आवास विकास स्थित विवादित मकान पर जबरन कब्जा करना चाहता है।

महिला का कहना है कि शुक्रवार को उसे आवास विकास चौकी बुलाया गया था। जब वह वहां पहुंची, तो आरोप है कि देवर ने स्थानीय पार्षद और पुलिस की मदद से विवादित मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। इससे आहत होकर महिला ने पुलिस प्रशासन से मकान पर पुनः कब्जा दिलाने की मांग की, लेकिन समाधान न मिलने पर उसने आत्महत्या की चेतावनी दे दी।

इसी आक्रोश में महिला पेट्रोल की बोतल लेकर सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल महिला के हाथ से पेट्रोल की बोतल अपने कब्जे में ले ली और उसे एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी से मिलवाया। अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और हर संभव मदद का आश्वासन दिए जाने के बाद महिला शांत हुई और अपने घर लौट गई।

इस मामले में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर महिला कार्यालय पहुंची थी। उसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी और आवास विकास चौकी प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Latest stories

उत्तराखंड में बड़ा एक्शन! भ्रष्टाचार के आरोपों में जिला पर्यटन विकास अधिकारी सस्पेंड

उत्तराखंड में सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की...

उत्तराखंड को 7,000 करोड़ की बड़ी सौगात, इन मेगा परियोजनाओं से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर

देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड में सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे...

बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बस और बुलेट की भिड़ंत में युवक की मौके पर मौत

देवप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक...