रुद्रपुर: एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर स्कूटी सवार दो युवकों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और इसके बाद मारपीट के मामले में पुलिस और भाजपा संगठन ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में नाम सामने आने के बाद भाजपा ने मंडल महामंत्री पारस चुघ को उनके पद से मुक्त करने के साथ ही पार्टी से निष्कासित कर दिया है। दोनों आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं।

7 अगस्त की रात हुआ था हादसा
घटना 7 अगस्त 2026 की रात एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर हुई थी। गांधी कॉलोनी वार्ड नंबर 27 निवासी अंकित पुत्र अशोक ने 8 अगस्त को रुद्रपुर कोतवाली में तहरीर दी थी।
तहरीर के मुताबिक, अंकित का भाई अभिषेक और उसकी बुआ का बेटा जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से अभिषेक और जतिन सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ वाहन से उतरा और दोनों युवकों के साथ मारपीट की।
शिकायत में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और फोन कर अन्य लोगों को मौके पर बुलाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने गठित की टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने 8 अगस्त को मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस के मुताबिक, टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त 2026 को सन्नी चुघ (32), निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32, को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।

भाजपा ने पारस चुघ पर भी की कार्रवाई
मामले में भाजपा नेता पारस चुघ का नाम सामने आने के बाद पार्टी संगठन ने भी कार्रवाई की है। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल के मुताबिक, मामले को लेकर पार्टी नेतृत्व और संगठन स्तर पर निर्णय लिया गया।
भाजपा जिला महामंत्री रमेश जोशी की ओर से 10 अगस्त 2026 को जारी पत्र में कहा गया कि प्रदेश नेतृत्व और भाजपा जिला उधम सिंह नगर के जिलाध्यक्ष के निर्देश पर शहीद भगत सिंह मंडल के मंडल महामंत्री पारस चुघ को उनके दायित्व से पदमुक्त कर पार्टी से निष्कासित किया जाता है। पत्र के अनुसार यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
पुलिस बोली- मुख्य आरोपी गिरफ्तार
प्रभारी सीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई और कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं, उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपों की जांच कर रही है। वहीं, भाजपा की संगठनात्मक कार्रवाई के बाद यह मामला राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर भी चर्चा में है।





