उत्तराखंड के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन की कार्यवाही बुधवार को शुरू हो गई। सुबह 11 बजे सदन की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई, जिसमें विधायकों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से उनके विभागों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछे।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पास महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले तथा खेल एवं युवा कल्याण जैसे अहम विभाग हैं। प्रश्नकाल के दौरान इन्हीं विभागों से संबंधित कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए गए।
सबसे पहले कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने चमोली के दशोली क्षेत्र में सेमलडाला मैदान, पेपलकोटी के विस्तारीकरण को लेकर सवाल किया। इस पर मंत्री रेखा आर्या ने जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल इस संबंध में कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
इसके बाद भाजपा विधायक सुरेश गड़िया ने नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने के मुद्दे पर सवाल उठाया। वहीं डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने मातृ वंदना योजना में लक्ष्य से कम पंजीकरण को लेकर सरकार से जवाब मांगा। इस पर रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वेक्षण और योजना के कुछ निर्धारित मानकों के कारण व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं।
गैरसैंण विधानसभा भवन को शादी-बारात और वेडिंग/कॉरपोरेट डेस्टिनेशन बनाने का सुझाव अत्यंत निंदनीय है।
गैरसैंण केवल एक भवन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के संघर्ष, सपनों और राज्य आंदोलन की भावनाओं का प्रतीक है।
जिस स्थान को लोकतंत्र के मंदिर के रूप में स्थापित किया गया, उसे… pic.twitter.com/fe8FcuTUT7— Yashpal Arya (@IamYashpalArya) March 11, 2026
विधायक महेश जीना ने एपीएल और बीपीएल राशन कार्ड से जुड़े मानकों पर सवाल उठाए। वहीं खेल और युवा कल्याण विभाग से संबंधित मिनी स्टेडियम और खेल मैदानों को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि बजट में हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रावधान किया गया है।
इससे पहले मंगलवार को सदन में देर रात तक कानून व्यवस्था पर नियम 58 के तहत चर्चा हुई थी। विपक्ष ने राज्य में हुई हत्याओं, अंकिता हत्याकांड समेत कई मामलों को उठाया था। इस पर संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा था कि सभी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई की गई है और शिकायतों के समाधान की दर में भी सुधार हुआ है।
सदन की कार्यवाही के दौरान आज नियम 58 और विशेषाधिकार हनन के मुद्दे पर धारचूला विधायक हरीश धामी को भी सुना जाएगा। मंगलवार को उन्होंने इस मुद्दे को लेकर सदन में हंगामा किया था।
वहीं विधानसभा भवन के अन्य कार्यों में उपयोग को लेकर मंत्री सतपाल महाराज के बयान पर विपक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि गैरसैंण विधानसभा भवन को शादी या कॉरपोरेट आयोजनों के लिए उपयोग करने का सुझाव राज्य की अस्मिता का अपमान है।
इससे पहले सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण में स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पूर्व ग्राम प्रधान चंद्र सिंह की दुकान पर चाय पीते हुए स्थानीय नागरिकों से सरकार की योजनाओं पर फीडबैक भी लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बेहतर संतुलन के साथ पहाड़ी क्षेत्रों का समग्र विकास करना है, ताकि लोगों को सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रातःकाल भ्रमण के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान श्री चंद्र सिंह जी के प्रतिष्ठान पर चाय की चुस्कियों का आनन्द लिया और वहाँ उपस्थित स्थानीय लोगों के साथ आत्मीय संवाद कर सरकार की विभिन्न योजनाओं का फीडबैक लिया।
हमारी सरकार का प्रयास इकोलॉजी और इकॉनमी के बेहतर… pic.twitter.com/QCQEQSOTxv
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 11, 2026





