केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। चीरबासा के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वहीं मलबा आने से पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में यात्री रास्ते में फंस गए। यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने रातभर अभियान चलाकर करीब 1500 श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात रेस्क्यू दल सक्रिय हो गए। हादसे में एटा (उत्तर प्रदेश) निवासी पांच वर्षीय यश, पुत्र रोहताश यादव, पत्थरों की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रेस्क्यू टीम ने बच्चे के शव को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर जंगलचट्टी तक पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रा मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, चीरबासा क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग कुछ समय के लिए अवरुद्ध हो गया था। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य रेस्क्यू टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया।
रातभर चले राहत एवं बचाव कार्य के दौरान लगभग 1500 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। प्रशासन लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहा है और यात्रियों से मौसम और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के बीच प्रशासन ने यात्रियों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।





