उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी के बाद फंसे ट्रैकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा है और अभियान की प्रगति की जानकारी ली है।

मुख्यमंत्री ने सचिव, आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर वार्ता कर प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति, मौसम की परिस्थितियों और अब तक किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में गए सभी ट्रैकर्स और पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सीएम धामी ने कहा कि बचाव अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए और किसी भी स्तर पर राहत कार्यों में कमी न रहने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पर्यटकों को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता, भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राहत एवं बचाव अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।





