देशभर के बैंक ग्राहकों और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को फिलहाल टाल दिया है। इसके साथ ही सोमवार से बैंकों में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा।

यूएफबीयू की ओर से 27 सितंबर की रात IBA के साथ हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। संगठन ने एक सर्कुलर जारी कर बताया कि बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों, जिनमें सप्ताह में पांच दिन कार्य व्यवस्था (फाइव डे बैंकिंग) और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना से जुड़े मुद्दे शामिल हैं, पर आगे सकारात्मक चर्चा और समाधान की सहमति बनी है।
बैठक में दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू की गई परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना पर बैंक यूनियनों और एसोसिएशनों द्वारा उठाई गई आपत्तियों को दूर करने के लिए IBA सरकार के समक्ष आवश्यक संशोधनों का प्रस्ताव रखेगा। इसके अलावा 8 मार्च 2024 के समझौते में लंबित अन्य मुद्दों के समाधान के लिए भी जल्द चर्चा आगे बढ़ाई जाएगी।
यूएफबीयू ने अपने बयान में कहा कि सभी संभावित विकल्पों पर विचार करने और सभी हितधारकों, विशेष रूप से ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्वीकार्य समाधान निकालने के लिए एक समिति कार्य करेगी। इन आश्वासनों को देखते हुए प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
Bank strike deferred after the meeting between the Indian Banks’ Association (IBA) and the United Forum of Bank Unions (UFBU) tonight. pic.twitter.com/SPJUwp63p2
— ANI (@ANI) September 27, 2026
गौरतलब है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने हाल ही में तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। संगठन का कहना था कि सरकार और बैंक प्रबंधन के साथ हुए समझौते के बावजूद कई महत्वपूर्ण मांगें पिछले ढाई वर्षों से लंबित हैं।
यूएफबीयू के नेताओं के अनुसार उनकी प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित करना तथा नई परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना की समीक्षा शामिल है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य ग्राहकों को असुविधा पहुंचाना नहीं है, लेकिन लंबे समय से लंबित मांगों और समझौतों के क्रियान्वयन में देरी के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा। फिलहाल IBA के आश्वासन के बाद हड़ताल टाल दी गई है, जिससे बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।





