रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 23 वर्षीय युवक आकाश कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने नाम पर छह बैंक खाते संचालित कर रहा था, जिनके माध्यम से देश के आठ राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की रकम का लेनदेन किया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी से जुड़े एक बैंक खाते की जानकारी प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से सामने आई थी। जांच के दौरान पता चला कि संबंधित बैंक खाते के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर कोतवाली में धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक खाते और उसके खाताधारक की जानकारी जुटाई। जांच में आकाश कुमार पुत्र वीरेंद्र, निवासी गोपालपुर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य उजागर हुए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के नाम पर कुल छह बैंक खाते संचालित थे। इन खातों के माध्यम से गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब सहित आठ राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस के अनुसार, इन छह बैंक खातों में 80 लाख रुपये से अधिक की ठगी की रकम का लेनदेन हुआ है।
लॉटरी और इनाम का झांसा देकर करते थे ठगी
पूछताछ में आरोपी के ठगी करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी फोन और अन्य माध्यमों से लोगों से संपर्क कर उन्हें लॉटरी निकलने या बड़ा इनाम मिलने का लालच देता था। इनाम पाने की उम्मीद में लोग उसके झांसे में आकर पैसे भेज देते थे। इसके बाद आरोपी ठगी की रकम को एटीएम के जरिए निकालता और अलग-अलग लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर देता था। इस तरह रकम को कई बैंक खातों के माध्यम से आगे पहुंचाया जाता था।
छह पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस संबंधित बैंक खातों के लेनदेन की जांच कर रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित लाभार्थियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मंगलौर पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि मंगलौर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 80 लाख रुपये से अधिक की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
– नवनीत सिंह, एसएसपी हरिद्वार





