सिरौली कला। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में पार्टी ने महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्ति करते हुए तस्लीम रजा को नगर पालिका परिषद सिरौली कला क्षेत्र का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने सिरौली कला पहुंचकर उन्हें विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपा और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि तस्लीम रजा अपनी सक्रिय कार्यशैली और संगठनात्मक क्षमता के बल पर पार्टी को क्षेत्र में नई मजबूती प्रदान करेंगे।
हिमांशु गाबा ने कहा कि कांग्रेस युवाओं को संगठन से जोड़ने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में विशेष अभियान चला रही है। ऐसे में तस्लीम रजा की नियुक्ति संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता एन.यू. खान ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि तस्लीम रजा को मिली नई जिम्मेदारी से क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
वहीं नवनियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष तस्लीम रजा ने पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद देते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता सईदुल रहमान, हसनैन मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





