नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नैनीताल घूमकर हल्द्वानी लौट रहे लखनऊ के पर्यटकों की टैक्सी ज्योलीकोट के पास अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में टैक्सी चालक समेत सात लोग घायल हो गए। इनमें चालक और एक पर्यटक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
![]()
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
नैनीताल घूमकर लौट रहे थे सभी पर्यटक
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के गोमतीनगर निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टैक्सी संख्या UK04 TB 3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।
अचानक बिगड़ा वाहन का संतुलन
बताया जा रहा है कि टैक्सी जैसे ही ज्योलीकोट के एक नंबर क्षेत्र से आगे पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वाहन सड़क से फिसलकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। बचाव अभियान के दौरान राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
दो की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
एसडीआरएफ के एएसआई सुनील कुमार के अनुसार, हादसे में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, अन्य पांच पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू
पुलिस की प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद यातायात को सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने लोगों से पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।





