किच्छा: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित अरोड़ा इंडस्ट्रीज में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और मिल परिसर के तीन गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गोदामों में रखा भारी मात्रा में चावल और वरदाना (बोरियां) जलकर राख हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

रात 12 बजे उठता दिखा धुआं, कुछ ही देर में भड़क गई आग
राइस मिलर एसोसिएशन के महामंत्री एवं अरोड़ा इंडस्ट्रीज के संचालक साहिल अरोरा ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे मिल परिसर के एक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना दी, लेकिन जब तक प्रबंधन मौके पर पहुंचा, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और तीनों गोदाम उसकी चपेट में आ गए थे।
चावल और वरदाना जलकर राख, 20 लाख का नुकसान
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गोदामों में रखा चावल और वरदाना पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में करीब 20 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
चार घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों तक मशक्कत की, जिसके बाद रविवार सुबह करीब 4:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
दमकल और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से लगी।
पूर्व विधायक ने लिया नुकसान का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित गोदामों का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
घटनास्थल पर संदीप अरोड़ा, किशन नारंग, सौरभ अरोड़ा, दीपक पाठक, लक्ष्मण खुगगर, अंकुर पपनेजा, सुमित अरोड़ा, गौरव अरोड़ा और सतीश अरोड़ा सहित कई लोग मौजूद रहे।





