प्रकृति और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने नगर निगम व सिंचाई विभाग की टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों—फुलसुंगा, फुलसुंगी, कल्याणी नदी और जगतपुरा सहित कई स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने संबंधित कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय है।

मेयर विकास शर्मा ने स्वयं नगर निगम की टीम और पूर्वांचल समाज के सदस्यों के साथ मिलकर श्रमदान किया और घाटों पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देते हैं। छठ पूजा नदियों, सूर्य और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है।
नगर निगम ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।





