उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के एक प्राथमिक विद्यालय की दीवार पर उर्दू में स्कूल का नाम लिखे जाने का मामला सामने आया है, जिसके बाद संबंधित प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर की गई है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि यह वीडियो साहनपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय का है, जिसमें स्कूल के भवन पर नाम हिंदी के साथ-साथ उर्दू में भी लिखा हुआ नजर आ रहा है। उन्होंने कहा, “यह भाषा मानक नियमों का उल्लंघन है, इसलिए प्रधानाध्यापिका रफत खान को निलंबित कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रफत खान ने कहा कि वायरल वीडियो पुराना है और वर्तमान शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर स्कूल की दीवारों की रंगाई-पुताई कराकर उर्दू में लिखा गया नाम हटा दिया गया था।
शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





